ग्रेटर नोएडा, 26 मई । ग्रेटर नोएडा में जनगणना 2027 को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों को अंतिम चेतावनी जारी की है।जनगणना कार्य की निगरानी कर रहे ग्रेटर नोएडा के चार्ज अधिकारी एवं ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के ओएसडी मुकेश कुमार सिंह ने स्पष्ट कहा कि जिन कर्मचारियों और प्रागणकों (एन्यूमरेटर) की ड्यूटी जनगणना कार्य में लगाई गई है, वे बुधवार शाम तक अपनी ड्यूटी हर हाल में रिसीव कर लें। ऐसा न करने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ संबंधित थानों में एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
चार्ज अधिकारी ने बताया कि जनगणना 2027 के लिए नियुक्त सभी कर्मचारियों को पहले ही प्रशिक्षण दिया जा चुका है और उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश भी उपलब्ध करा दिए गए हैं। इसके बावजूद कई कर्मचारी अभी तक अपने क्षेत्र में जाकर कार्य शुरू नहीं कर पाए हैं, जिससे जनगणना प्रक्रिया प्रभावित होने की आशंका है। प्रशासन ने ऐसे कर्मचारियों को अंतिम अवसर देते हुए बुधवार शाम तक का समय निर्धारित किया है। इसके बाद कार्रवाई तय मानी जाएगी।
उन्होंने कहा कि जनगणना का कार्य 20 जून तक पूर्ण किया जाना है, और यह राष्ट्रीय महत्व का कार्य है। ऐसे में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। चार्ज अधिकारी ने यह भी बताया कि यदि किसी नागरिक को अपने क्षेत्र के प्रागणक से संपर्क करने में परेशानी हो रही है, तो वह संबंधित वर्क सर्किल प्रभारी, प्रबंधक, सहायक प्रबंधक अथवा सुपरवाइजर से संपर्क कर सकता।
वहीं, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ एवं जनगणना के नोडल अधिकारी सुमित यादव ने शहर की आरडब्ल्यूए और अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन से जनगणना कार्य में सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि जनगणना कर्मियों को सेक्टरों और सोसायटियों में प्रवेश करने में किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होनी चाहिए। पहचान पत्र और ड्यूटी पत्र की जांच के बाद उन्हें आसानी से प्रवेश दिया जाए, ताकि कार्य समय पर पूरा हो सके।
सुमित यादव ने भीषण गर्मी को देखते हुए सामाजिक सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि जनगणना कर्मचारियों को नींबू पानी, पीने का पानी या हल्के जलपान की आवश्यकता हो तो आरडब्ल्यूए और नागरिक सहयोग करें। उन्होंने कहा कि जनगणना केवल सरकारी प्रक्रिया नहीं, बल्कि देशहित और जनहित से जुड़ा महत्वपूर्ण अभियान है। इसकी सफलता जनसहभागिता पर निर्भर करती है और आम नागरिकों के सहयोग के बिना यह लक्ष्य पूरा नहीं किया जा सकता।

