शाजापुर। शाजापुर में कांग्रेस के उग्र प्रदर्शन के बाद सियासी और प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। पुलिस ने 12 नामजद नेताओं सहित 150 से अधिक कांग्रेसी कार्यकर्ताओं पर मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई लालघाटी थाना प्रभारी अर्जुन सिंह मुजाल्दे की शिकायत पर की गई। जानकारी के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता बैरिकेडिंग तोड़ते हुए कलेक्टर कार्यालय परिसर में घुस गए और दो गेट तोड़कर कलेक्टर कक्ष तक पहुंच गए। इस दौरान तोड़फोड़ की घटना भी सामने आई, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
मौके पर भारी पुलिस बल तैनात होने के बावजूद प्रदर्शनकारियों का कलेक्टर कक्ष तक पहुंच जाना प्रशासन की बड़ी चूक मानी जा रही है। इस दौरान एडिशनल एसपी घनश्याम मालवीय और एसडीएम मनीषा वास्कले सहित कई अधिकारी मौजूद थे। पुलिस ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष नरेश्वर प्रताप सिंह और पूर्व विधायक कुणाल चौधरी समेत अन्य नेताओं को नामजद आरोपी बनाया है। सभी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन जल्द कार्रवाई के संकेत दिए गए हैं। वहीं, कांग्रेस ने आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी है। पार्टी नेताओं का कहना है कि वे जनता के मुद्दों को लेकर आगे भी संघर्ष करते रहेंगे।



