उमरिया, तपस गुप्ता। विश्व प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में वन्यजीवों के साथ लापरवाही का मामला सामने आया है। उमरिया-ताला मार्ग पर एक कार सवार युवक द्वारा सड़क किनारे खड़े चीतल को केला खिलाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद वन विभाग हरकत में आ गया है। टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने वाहन नंबर के आधार पर युवक की पहचान कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार शनिवार को कार क्रमांक 26 BH 4973 से गुजर रहे युवक ने सड़क किनारे खड़े चीतल को देखकर वाहन रोका और उसे अपने पास बुलाकर केला खिलाने लगा। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे वन्यजीवों को बाहरी खाद्य पदार्थ न देने की सलाह दी और नियमों की जानकारी भी दी, लेकिन युवक ने किसी की बात नहीं मानी। इस दौरान वहां मौजूद एक व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

मामले के सामने आने के बाद बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक अनुपम सहाय ने घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि वाहन नंबर के आधार पर संबंधित युवक की पहचान की जा रही है। पहचान होने के बाद उसके खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि वन क्षेत्रों में वन्यजीवों को बाहरी भोजन खिलाना, उनके प्राकृतिक व्यवहार में हस्तक्षेप करना या उनके अत्यधिक करीब जाना कानूनन अपराध है। इससे वन्यजीवों की स्वाभाविक आदतें प्रभावित होती हैं और भविष्य में मानव-वन्यजीव संघर्ष की स्थिति भी उत्पन्न हो सकती है।

वन विभाग ने पर्यटकों और आम नागरिकों से अपील की है कि जंगल भ्रमण के दौरान वन्यजीवों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें और उन्हें किसी भी प्रकार का भोजन न दें। विभाग ने चेतावनी दी है कि वन्यजीव संरक्षण नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।