छिंदवाड़ा, जीशान अंसारी। जिले में किसानों की समस्याओं को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी छिंदवाड़ा ग्रामीण भाग-1 एवं भाग-2 ने एसडीएम सुधीर जैन को जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस नेताओं ने गेहूं खरीदी, स्लॉट बुकिंग, स्मार्ट मीटर और पेट्रोल-डीजल संकट जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए किसानों को राहत दिलाने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि जिले के हजारों किसान अपनी उपज बेचने के लिए लंबे समय से परेशान हैं। स्लॉट बुकिंग प्रक्रिया और प्रशासनिक अव्यवस्थाओं के कारण किसानों का गेहूं समय पर नहीं बिक पा रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि जिले के 11 हजार से अधिक किसान अब भी अपनी उपज बेचने से वंचित हैं।
कांग्रेस ने मांग की कि सभी किसानों की गेहूं खरीदी तत्काल शुरू कराई जाए और सरकार द्वारा घोषित बोनस राशि भी जल्द किसानों के खातों में डाली जाए। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों का विरोध करते हुए कहा गया कि इससे किसानों पर अतिरिक्त बिजली बिल का बोझ बढ़ रहा है, इसलिए स्मार्ट मीटर हटाए जाएं।
ज्ञापन में पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों और उपलब्धता की समस्या का मुद्दा भी उठाया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि किसानों को पंपों पर पर्याप्त मात्रा में डीजल नहीं मिल रहा है, जिससे कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं। आगामी बुवाई सीजन को देखते हुए किसानों को पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल और डीजल उपलब्ध कराने की मांग की गई।
ज्ञापन सौंपने के दौरान कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

