बकस्वाहा, राजू दुबे। बम्होरी चौकी क्षेत्र के ग्राम देवपुर में जमीनी विवाद को लेकर किसान परिवार के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घायल किसान राजेश राय का सागर जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। पीड़ित ने आरोप लगाया कि पड़ोसी साहू परिवार कम कीमत पर जमीन बेचने का दबाव बना रहा था और मना करने पर उनके परिवार पर हमला कर दिया गया।
राजेश राय के अनुसार बलदेव साहू, धर्म साहू, रघुवीर साहू, कन्हैया साहू, श्रीराम साहू सहित चार महिलाओं ने उन पर, उनकी पत्नी राजकुमारी और बेटे सत्यम के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की। उनका आरोप है कि घटना के दौरान डायल-112 पर सूचना देने के बावजूद पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। साथ ही, घटना का वीडियो बना रहे उनका मोबाइल भी आरोपियों ने तोड़ दिया।
पीड़ित का कहना है कि घटना के बाद वह लगातार तीन दिनों तक बम्होरी चौकी के चक्कर लगाते रहे, लेकिन उनकी शिकायत दर्ज नहीं की गई। इसके बाद बकस्वाहा थाने पहुंचने पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। घायल किसान का उपचार सागर जिला अस्पताल में जारी है।
पीड़ित परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, यह समाचार पूरी तरह पीड़ित पक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों पर आधारित है। पुलिस की ओर से मामले में विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया आना शेष है।




