अजयगढ़, मोहम्मद मुस्तकीम। पन्ना जिले के अजयगढ़ विकासखंड के बीहरपुरवा गांव में हुए दर्दनाक कुआं हादसे में पांच मजदूरों की मौत के बाद शासन-प्रशासन द्वारा पीड़ित परिवारों की हरसंभव सहायता का सिलसिला लगातार जारी है। हादसे के बाद प्रदेशभर में शोक की लहर रही और प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, वी.डी. शर्मा तथा बृजेंद्र प्रताप सिंह सहित जनप्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए शासन की ओर से मिलने वाली सहायता शीघ्र उपलब्ध कराई।
इसी कड़ी में कृषि विभाग द्वारा पीड़ित परिवारों को खेती के लिए सरकारी बीज की किट उनके घर पहुंचाकर वितरित की गई। वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी अरुण पाल बागरी ने विभागीय कर्मचारियों की टीम के साथ बीहरपुरवा पहुंचकर पीड़ित परिवारों को धान, मूंग, उड़द, तिल और अरहर के मुफ्त बीज उपलब्ध कराए। इस दौरान अजयगढ़ नगर परिषद अध्यक्ष सीता सरोज गुप्ता, भाजपा जिला उपाध्यक्ष शैलेंद्र श्रीवास्तव सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बीज वितरण का उद्देश्य पीड़ित परिवारों को आगामी खरीफ सीजन में खेती के लिए सहयोग प्रदान करना है, ताकि वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ सकें। सरकारी सहायता घर तक पहुंचने पर पीड़ित परिवारों ने शासन और प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए खुशी जाहिर की। शासन द्वारा पीड़ित परिवारों के पुनर्वास एवं आर्थिक सहयोग के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।




