टीकमगढ़, मोहसिन अहमद। देहात थाना क्षेत्र के ग्राम श्रीनगर में 71 वर्षीय बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या और बकरियां लूटने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में तीन अंतर्राज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटी गई 15 बकरियां तथा वारदात में इस्तेमाल अवैध हथियार बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार 27 मई को ग्राम श्रीनगर निवासी हरचरन ढीमर (71) अपनी बकरियों की देखरेख कर रहे थे। इसी दौरान बदमाश बकरियां लूटने पहुंचे। बुजुर्ग ने विरोध किया तो आरोपियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली उनके दाहिने कान के पास और पीठ में लगी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी 13 बकरियां और 2 बकरे लेकर फरार हो गए थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मनोहर मंडलोई के निर्देशन में चार विशेष टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि संदिग्ध सिद्ध खान पहाड़ी के पास छिपे हुए हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में उन्होंने हत्या और लूट की वारदात कबूल कर ली।
गिरफ्तार आरोपियों में राकेश पाल (36) निवासी कंदवा थाना जतारा जिला टीकमगढ़, ग्यादीन उर्फ मोनू पाल (25) निवासी घुरारा जागीर थाना पृथ्वीपुर जिला निवाड़ी तथा प्रेमलाल पाल (32) निवासी जामुनसिर सोजना जिला ललितपुर (उत्तर प्रदेश) शामिल हैं।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे फिल्मों से प्रभावित होकर अपराध करने की योजना बना रहे थे। पिछले तीन-चार दिनों से सिद्ध खान पहाड़ी क्षेत्र में डेरा डाले हुए थे। कोई बड़ी वारदात करने का अवसर नहीं मिलने पर उन्होंने बकरियां लूटने की योजना बनाई। पहचान उजागर होने के डर से उन्होंने हरचरन ढीमर की गोली मारकर हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई सभी 15 बकरियां बरामद कर ली हैं। साथ ही वारदात में इस्तेमाल तीन अवैध देशी कट्टे, छह जिंदा कारतूस और अन्य सामग्री भी जब्त की गई है। मामले के खुलासे के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह, एसडीओपी राहुल कटरे सहित पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।




