राजगढ़। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। पचोर-सारंगपुर रोड पर पड़ाना कस्बे के पास सोमवार सुबह करीब 9 बजे तेज बारिश के बीच एक ईको वैन उफनते नाले में बह गई। वैन में एक ही परिवार के कुल 11 लोग सवार थे। अब तक गोताखोरों और रेस्क्यू टीम ने 6 लोगों के शव बरामद कर लिए हैं, जिनमें तीन पुरुष, दो महिलाएं और एक 3 साल का मासूम बच्चा शामिल है। लापता अन्य लोगों की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
सतवास से कड़लावद जा रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार, ईको वैन में सवार सभी लोग देवास जिले के रहने वाले हैं। वे सतवास से कड़लावद गांव जा रहे थे। गाड़ी में 3 पुरुष, 4 महिलाएं और 4 बच्चे सवार थे। कार सतवास के धांसड़ गांव निवासी मुकेश सिंह चौहान चला रहा था। हादसा होते ही मुकेश और उसके चाचा हुकुम सिंह तैरकर नाले से बाहर निकल आए, जबकि बाकी लोग पानी के तेज बहाव में बह गए।
अधूरा पुल और पानी का तेज बहाव बना हादसे का कारण
पड़ाना के पास झिरी नाले पर 30 फीट चौड़ा पुल निर्माणाधीन है। लगातार हो रही तेज बारिश के कारण नाले का पानी निर्माणाधीन पुल के ऊपर से बह रहा था। पानी भरा होने के कारण ड्राइवर को अधूरा पुल नजर नहीं आया और उसने वैन पानी में उतार दी। प्रत्यक्षदर्शी महेंद्र परमार के अनुसार, ग्रामीणों ने ड्राइवर को रोककर सचेत भी किया था कि आगे पानी गहरा है, लेकिन उसने चेतावनी को अनदेखा कर गाड़ी आगे बढ़ा दी। सड़क पर सुरक्षा रेलिंग न होने से वैन सीधे गहरे नाले में जा गिरी।
क्रेन से निकाली गई कार, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम रोहित बम्होरे और एसडीओपी अरविंद सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। क्रेन की मदद से वैन को नाले से बाहर निकाला गया, हालांकि कार के अंदर कोई नहीं मिला। सभी बरामद शवों को पोस्टमार्टम के लिए सारंगपुर अस्पताल लाया गया है। हादसे में जीवित बचे दोनों लोग बेहद सदमे में हैं। थाना प्रभारी राहुल रघुवंशी के अनुसार, रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद परिजनों से विस्तृत संपर्क किया जाएगा।




