भिंड, अक्षय जोशी । जिले के गोहद चौराहा थाना क्षेत्र में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब शराब के नशे में धुत्त एक युवक भिंड रोड स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक टावर की सबसे ऊंची चोटी पर जाकर बैठ गया और जोर-जोर से चिल्लाते हुए खुदकुशी की धमकी देने लगा। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। युवक को टावर पर बैठा देख आसपास के लोगों की सांसें थम गईं और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। करीब एक घंटे तक युवक का हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। इस दौरान पुलिसकर्मी लगातार युवक को समझाने का प्रयास करते रहे। काफी मशक्कत और समझाइश के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। राहत की बात रही कि इस पूरी घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस युवक से पूछताछ कर मामले की जांच में जुटी है।

