मुंबई। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) की मुंबई जोनल यूनिट ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की और मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (सीएसएमआईए) पर 2.128 किलोग्राम कोकीन जब्त की। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस खेप की अनुमानित कीमत करीब 10.65 करोड़ रुपए बताई जा रही है। इस मामले में एक विदेशी महिला नागरिक को गिरफ्तार किया गया है।डीआरआई के अनुसार, यह कार्रवाई खुफिया सूचना के आधार पर 5 जुलाई को की गई। अधिकारियों को सूचना मिली थी कि नैरोबी के रास्ते सिएरा लियोन की राजधानी फ्रीटाउन से मुंबई पहुंचने वाली एक महिला यात्री मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल हो सकती है। सूचना मिलने के बाद डीआरआई की टीम ने एयरपोर्ट पर निगरानी बढ़ाई और यात्री के भारत पहुंचते ही उसे जांच के लिए रोका।
प्रारंभिक जांच के दौरान महिला के ट्रॉली बैग को एक्स-रे मशीन से स्कैन किया गया। स्कैनिंग के दौरान बैग के धातु के हैंडल में असामान्य वस्तु होने का संदेह हुआ। इसके बाद अधिकारियों ने बैग के मेटल हैंडल को अलग कर उसे काटकर देखा। जांच में हैंडल के भीतर बड़ी ही चालाकी से छिपाकर रखे गए 17 बेलनाकार पैकेट बरामद हुए।
डीआरआई अधिकारियों ने बताया कि पैकेटों में सफेद रंग का पाउडरनुमा पदार्थ मिला। फील्ड टेस्ट किट से जांच करने पर यह पदार्थ कोकीन निकला। बरामद कोकीन का कुल शुद्ध वजन 2,128 ग्राम पाया गया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 10.65 करोड़ रुपए आंकी गई है।
डीआरआई ने बरामद मादक पदार्थ को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम, 1985 के तहत जब्त कर लिया है। साथ ही आरोपी विदेशी महिला को संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच से संकेत मिलते हैं कि यह तस्करी किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स नेटवर्क का हिस्सा हो सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए एजेंसी अब इस पूरे गिरोह, उसके भारतीय संपर्कों, सप्लाई चेन और वित्तीय लेन-देन की विस्तृत जांच कर रही है। डीआरआई यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस खेप का अंतिम गंतव्य कौन था और इसे देश के भीतर किस नेटवर्क तक पहुंचाया जाना था।




