उमरिया, तपस गुप्ता। जिले के बिरसिंहपुर पाली स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में अस्पताल के ड्रेसिंग रूम की अव्यवस्थाएं सामने आई हैं, जिससे स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो गए हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि ड्रेसिंग के उपयोग में आने वाला चिकित्सा सामान शौचालय सीट के ठीक बगल में रखा हुआ है। वहीं कमरे में गंदगी भी नजर आ रही है।


मामला सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि अस्पतालों में स्वच्छता और संक्रमण से बचाव सबसे जरूरी होता है, लेकिन यहां मरीजों की सुरक्षा के साथ लापरवाही बरती जा रही है। नागरिकों ने सवाल उठाए हैं कि शौचालय के पास ड्रेसिंग सामग्री रखने से संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ सकता है।


वायरल वीडियो के बाद अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। मामले में जब बिरसिंहपुर पाली बीएमओ डॉ. पुट्टू लाल सागर से संपर्क करने का प्रयास किया गया तो उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग की चुप्पी भी चर्चा का विषय बनी हुई है।


अब लोगों की नजर इस बात पर टिकी है कि स्वास्थ्य विभाग इस मामले में केवल सफाई देता है या फिर अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए ठोस कदम उठाए जाते हैं।