देवास, हेमंत गुर्जर | एक साथ 42 दूल्हों की बारात सजी, बैंड-बाजा बजा, मंडप तैयार था, लेकिन दुल्हनें कभी आई ही नहीं। देवास के क्लब ग्राउंड में शादी के नाम पर हुई सामूहिक ठगी का मामला सामने आया है, जिसमें दर्जनों युवकों और उनके परिवारों को लाखों रुपये का चूना लगाया गया।


पीड़ितों के अनुसार, विदिशा निवासी एक युवक ने इंदौर के एक अनाथ आश्रम से लड़कियों को लाकर शादी कराने का आश्वासन दिया था। इसके एवज में उसने प्रत्येक दूल्हे और उनके परिवार से हजारों से लेकर लाखों रुपये तक वसूले। तय तारीख पर जब सभी दूल्हे परिवार सहित बारात लेकर क्लब ग्राउंड पहुंचे, तो देर रात तक एक भी दुल्हन नहीं पहुंची। जब लोगों को ठगी का अहसास हुआ तो मौके पर भारी हंगामा हो गया। पीड़ितों ने बताया कि आरोपी युवक ने शादी का पूरा प्रोग्राम फाइनल कर लिया था और पैसे भी ले लिए थे, लेकिन अंत में फरार हो गया।


मामले की सूचना मिलते ही देवास पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। पीड़ितों ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने न केवल पैसे लिए बल्कि उनके सपनों के साथ भी खिलवाड़ किया।


यह घटना पूरे देवास जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है। स्थानीय लोगों में आक्रोश है और पीड़ित परिवार न्याय की मांग कर रहे हैं।