इंदौर,रविकांत वर्मा। इंदौर जिले के महू क्षेत्र में एक खूंखार कुत्ते के हमले से हड़कंप मच गया। केवटी गांव में अचानक हुए इस हमले में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कुत्ते की आक्रामकता साफ दिखाई दे रही है। मामला महू के किशनगंज थाना क्षेत्र के केवटी गांव का है, जहां शुक्रवार को एक आक्रामक कुत्ते ने ग्रामीणों पर हमला कर दिया। इस हमले में फारूक, अरमान, शाकिर और मालिक पटेल घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुत्ता बेहद खतरनाक था—उसने किसी की गर्दन दबोची तो किसी के पैर पर काट लिया। मौके पर मौजूद एक युवक ने प्लास्टिक की कुर्सी से कुत्ते को भगाने की कोशिश की, लेकिन कुत्ता लगातार हमला करता रहा। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो बेहद भयावह है। घटना के बाद सभी घायलों को तुरंत महू के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। एहतियात के तौर पर सभी को एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाए गए हैं।
घटना के बाद गांव में डर का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में आवारा कुत्तों की संख्या तेजी से बढ़ रही है, लेकिन प्रशासन इस पर कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा। लोगों ने मांग की है कि जल्द से जल्द इस कुत्ते को पकड़ा जाए और इलाके में निगरानी बढ़ाई जाए।
बढ़ता खतरा
इंदौर में डॉग बाइट के मामले अब गंभीर सार्वजनिक समस्या बनते जा रहे हैं—
हर महीने औसतन 4,500+ केस
साल 2024 में 58,000 से ज्यादा मामले
फरवरी 2026 में सिर्फ 28 दिनों में 4,166 केस
सरकारी अस्पतालों में रोज 100+ लोग एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगवा रहे हैं
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या, कचरा प्रबंधन की कमी और नसबंदी अभियान की धीमी रफ्तार इसके प्रमुख कारण हैं। महू की यह घटना एक चेतावनी है—अगर समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो यह खतरा और भी बड़ा रूप ले सकता है।



