दमोह, राजेन्द्र तिवारी। जिले के बटियागढ़ ब्लॉक के मगरोन क्षेत्र स्थित अजब धाम गांव में पिछले करीब दो सप्ताह से बिजली आपूर्ति ठप रहने से ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। लगातार बिजली कटौती और समस्या के समाधान नहीं होने से नाराज़ ग्रामीण देर रात बड़ी संख्या में सड़क पर उतर आए और विद्युत विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान हटा-दरगुवा-छतरपुर स्टेट हाईवे पर चक्काजाम कर दिया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया।


ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले कई दिनों से गांव में बिजली नहीं है, जिससे दैनिक जीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। भीषण गर्मी के बीच लोगों को पेयजल, घरेलू कार्यों और बच्चों की पढ़ाई सहित कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार शिकायत करने के बावजूद बिजली आपूर्ति बहाल नहीं होने से लोगों का धैर्य जवाब दे गया और उन्होंने विरोध प्रदर्शन का रास्ता अपनाया।


हाईवे पर जाम लगने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभाग तक शिकायत पहुंचाने का आश्वासन दिया। ग्रामीणों से आवेदन लेकर उन्हें शांत कराया गया, जिसके बाद चक्काजाम समाप्त हुआ और यातायात सुचारु रूप से शुरू हो सका।


ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो वे फिर से आंदोलन करने को मजबूर होंगे। वहीं, प्रशासन और विद्युत विभाग से शीघ्र समाधान की मांग की जा रही है।