मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। रतलाम रेंज के डीआईजी निमेष अग्रवाल ने मंदसौर पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचकर आगामी सिंहस्थ महापर्व-2028 को ध्यान में रखते हुए आयोजित विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।


निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संवाद कर कार्यक्रम की जानकारी ली। प्रशिक्षण में भीड़ प्रबंधन, कानून-व्यवस्था बनाए रखने, आपातकालीन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने तथा बड़े धार्मिक आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था के विभिन्न पहलुओं पर विशेष जोर दिया जा रहा है।


डीआईजी अग्रवाल ने अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रशिक्षण व्यवस्थाओं की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ जैसे विशाल धार्मिक आयोजन में सुरक्षा और व्यवस्थाओं का सुचारू संचालन पुलिस की सबसे बड़ी जिम्मेदारी होती है, जिसके लिए अभी से तैयारी और प्रशिक्षण आवश्यक है।


उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संवेदनशील परिस्थितियों में त्वरित निर्णय लेने, टीम समन्वय को मजबूत बनाने तथा आधुनिक पुलिसिंग के तरीकों को अपनाने के निर्देश दिए। साथ ही आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सतर्कता, अनुशासन और बेहतर कार्यशैली बनाए रखने पर बल दिया।


डीआईजी ने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रमों से पुलिस बल की कार्यक्षमता में वृद्धि होगी और आगामी सिंहस्थ महापर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।