अजयगढ़, मोहम्मद मुस्तकीम। चंदौरा चौकी क्षेत्र के ग्राम रामनई में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। धार्मिक स्थल की मर्यादा बनाए रखने की बात कहने पर दबंगों ने एक दुकानदार पर दुकान में घुसकर जानलेवा हमला कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।


जानकारी के अनुसार ग्राम रामनई निवासी 30 वर्षीय दुकानदार रमाशंकर लोध ने अपनी दुकान पर आए उत्तर प्रदेश निवासी अभिनय तिवारी एवं उसके दो साथियों को पास स्थित सिद्धनाथ धार्मिक स्थल के समीप शराब पीने से मना किया था। इस बात से नाराज होकर तीनों युवक कुछ देर बाद कथित रूप से नशे की हालत में वापस लौटे और दुकान में घुसकर रमाशंकर के साथ लात-घूसों से बेरहमी से मारपीट कर दी।


हमले के दौरान रमाशंकर की पत्नी सुशीला तथा आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव किया, जिसके बाद पीड़ित की जान बच सकी। मारपीट में रमाशंकर के सिर और कमर में गंभीर चोटें आई हैं। घटना का लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे क्षेत्र के लोगों में आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।


पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई करने का भरोसा दिया है।