छतरपुर। जनपद पंचायत नौगांव अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत सरसेड़ की उपसरपंच वर्षा भदौरिया ने पंचों और ग्रामीणों के साथ मिलकर सरपंच के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने ग्राम पंचायत में चल रहे निर्माण कार्यों में भारी भ्रष्टाचार और बिना काम कराए सरकारी राशि हड़पने के गंभीर आरोप लगाते हुए जिला कलेक्टर से लिखित शिकायत की है। यह शिकायत सरसेड़ में आयोजित जन समस्या निवारण शिविर के दौरान दर्ज कराई गई, जिसके बाद से क्षेत्र के प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है।
उपसरपंच वर्षा भदौरिया, पंचगणों और समस्त ग्रामवासियों की ओर से कलेक्टर को सौंपे गए पहले शिकायती पत्र में बताया गया है कि ग्राम चपरन में मुख्य मार्ग पर नाली निर्माण का कार्य कराया जा रहा है। इस निर्माण कार्य में सरपंच द्वारा घोर लापरवाही और घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है। शिकायत में स्पष्ट किया गया है कि नाली में मजबूती के लिए लगाई जाने वाली लोहे की छड़ें बेहद कम मात्रा में उपयोग की जा रही हैं। जहाँ मानक अनुसार काम होना चाहिए, वहाँ महज दो से तीन पतली छड़ें लगाई जा रही हैं, वह भी लगभग दो-दो फीट के बड़े अंतराल पर। इतना ही नहीं, निर्माण कार्य में रेत के स्थान पर डस्ट (धूल-मिट्टी) का धड़ल्ले से उपयोग किया जा रहा है। ग्रामीणों और पंचों का आरोप है कि सरपंच अपनी मनमानी से काम करा रहे हैं और स्थानीय पंचों को कार्य की कोई जानकारी नहीं दी जाती। इस संबंध में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 181 पर भी पूर्व में शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन स्थानीय स्तर पर कोई सुनवाई नहीं हुई। थक-हारकर ग्रामीणों ने अब कलेक्टर से इस नाली निर्माण कार्य के भुगतान पर तत्काल रोक लगाने और मौके की जांच कराकर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इसी कड़ी में सौंपे गए दूसरे शिकायती पत्र में सरपंच पर और भी अधिक गंभीर वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगे हैं। उपसरपंच और ग्रामीणों ने कलेक्टर को बताया कि वर्तमान सरपंच द्वारा ग्राम पंचायत सरसेड़ में बिना कोई धरातलीय कार्य कराए ही सरकारी खजाने से राशि निकाल ली गई है। शिकायत के अनुसार, ग्राम सरसेड़ में काले के महादेव मंदिर के पास स्थित सार्वजनिक कूप और जगदीश के मकान के पास स्थित सार्वजनिक कूप पर डग बेल रिचार्ज का निर्माण कार्य कागजों पर दिखाकर शासन की राशि का दुरुपयोग किया गया है, जबकि मौके पर ऐसा कोई काम नहीं हुआ है। इन दोनों मामलों को अत्यंत गंभीर बताते हुए उपसरपंच वर्षा भदौरिया और समस्त ग्रामवासियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि उक्त दोनों स्थलों की तत्काल मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच कराई जाए। उन्होंने शासन की राशि का दुरुपयोग करने वाले दोषियों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई करने का आग्रह किया है ताकि ग्राम पंचायत में विकास कार्यों को सही और पारदर्शी तरीके से सुचारू रूप से संचालित किया जा सके।

