सतना, अंबिका केशरी। शहर में दूषित एवं अनियमित पेयजल आपूर्ति को लेकर गरीब सेना संगठन ने मंगलवार को नगर निगम प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। संगठन के पदाधिकारी एवं विभिन्न वार्डों के निवासी बोतलों में दूषित पानी लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। ज्ञापन में नगर निगम आयुक्त शेर सिंह मीणा पर लापरवाही और तानाशाहीपूर्ण कार्यशैली का आरोप लगाते हुए शहरवासियों को शुद्ध पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराने में विफल रहने की बात कही गई।


गरीब सेना ने आरोप लगाया कि शहर के अधिकांश क्षेत्रों में पर्याप्त दबाव से पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है, जिससे लोगों को मोटर पंप के सहारे पानी भरना पड़ रहा है। कई वार्डों में नियमित और गुणवत्तापूर्ण पेयजल नहीं मिलने से नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वार्ड क्रमांक 18 के सौंधिया मोहल्ला, वार्ड 15 के मंगल भवन क्षेत्र, वार्ड 17 की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, वार्ड 10 की शुक्ला बरदाडीह कॉलोनी तथा वार्ड 8 के सिद्धार्थ नगर सहित कई इलाकों में दूषित एवं अनियमित जलापूर्ति की शिकायतें सामने आई हैं। संगठन का कहना है कि नगर निगम द्वारा समस्या के स्थायी समाधान के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं, जिससे गर्मी और बारिश के मौसम में जलजनित बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।


ज्ञापन में शहर की अन्य बुनियादी समस्याओं का भी उल्लेख किया गया। संगठन ने आरोप लगाया कि हाल ही में बनाई गई सीसी सड़कें कुछ ही महीनों में उखड़ने लगी हैं। वहीं सीवर लाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों का मरम्मत कार्य भी निम्न गुणवत्ता का होने से जगह-जगह जानलेवा गड्ढे बन गए हैं। बारिश से पहले नालों और नालियों की समुचित सफाई नहीं होने के कारण जलभराव की आशंका बनी हुई है। कई स्थानों पर सीवर के मैनहोल से गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, जबकि प्रमुख मार्गों पर धूल, गंदगी और दिनभर लगने वाले जाम से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


गरीब सेना ने कलेक्टर से शहर की पेयजल व्यवस्था सहित सभी मूलभूत समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने और लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है।