सतना, अंबिका केशरी। नागौद विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत पिथौराबाद में संचालित शराब दुकान को हटाने की मांग को लेकर विरोध तेज हो गया है। जनपद सदस्य रमेश कुशवाहा उर्फ लालाजी मंगलवार से पोड़ी तिराहा स्थित हनुमान मंदिर के सामने भूख हड़ताल पर बैठ गए। उन्होंने प्रशासन से शराब दुकान को तत्काल अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग करते हुए कहा कि क्षेत्र के सामाजिक और शैक्षणिक वातावरण पर इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
रमेश कुशवाहा ने बताया कि करीब 15 दिन पहले कलेक्टर, जिला आबकारी अधिकारी और संबंधित पुलिस चौकी को ज्ञापन सौंपकर शराब दुकान हटाने की मांग की गई थी। ज्ञापन में चेतावनी दी गई थी कि यदि निर्धारित समय सीमा में कोई कार्रवाई नहीं हुई तो वे भूख हड़ताल शुरू करेंगे। उनका आरोप है कि प्रशासन ने मांग पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया, जिसके चलते उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।
उन्होंने आरोप लगाया कि पोड़ी के नाम से स्वीकृत शराब दुकान का संचालन पिथौराबाद में किया जा रहा है। दुकान के सामने विद्युत सब-स्टेशन स्थित है, जबकि कुछ ही दूरी पर शासकीय माध्यमिक विद्यालय संचालित है। मुख्य मार्ग पर दुकान होने के कारण दिनभर शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे स्थानीय नागरिकों, राहगीरों और विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
जनपद सदस्य का कहना है कि शराब दुकान के कारण विद्यालय का वातावरण भी प्रभावित हो रहा है। परिसर और आसपास शराब की खाली बोतलें पड़ी रहती हैं तथा शराबियों की अशोभनीय गतिविधियों से छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। उन्होंने प्रशासन से जनहित को देखते हुए शराब दुकान को आबादी और शैक्षणिक संस्थान से दूर स्थानांतरित करने की मांग की है।
भूख हड़ताल शुरू होने के बाद क्षेत्र में आंदोलन को लेकर चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन ने शीघ्र कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को व्यापक जनसमर्थन मिल सकता है और विरोध प्रदर्शन और तेज होने की संभावना है। अब क्षेत्रवासियों की निगाहें प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

