मैहर, प्रशांत शुक्ला। मध्य प्रदेश के मैहर में वायरल ऑडियो प्रकरण को लेकर सियासी और सामाजिक हलचल तेज हो गई है। अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर दीपा मिश्रा एवं कैलाश मिश्रा के खिलाफ दर्ज प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
महासभा के पदाधिकारियों का कहना है कि जिस वायरल ऑडियो के आधार पर मामला दर्ज किया गया है, उसकी अब तक फॉरेंसिक जांच नहीं कराई गई है। संगठन ने आशंका जताई है कि संबंधित ऑडियो कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) तकनीक के माध्यम से भी तैयार किया गया हो सकता है, इसलिए बिना वैज्ञानिक जांच के किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा।
ज्ञापन में मांग की गई है कि वायरल ऑडियो की फॉरेंसिक जांच कराकर पूरे मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि सत्य सामने आ सके और किसी निर्दोष के साथ अन्याय न हो। महासभा ने कहा कि जांच पूरी होने तक तथ्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाए।
संगठन ने पुलिस प्रशासन को 15 दिन का समय देते हुए चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित अवधि में निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई नहीं की गई तो अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव कर आंदोलन करेगी। इस ज्ञापन के बाद मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।




