छिंदवाड़ा, जीशान अंसारी। छिंदवाड़ा जिले के हर्रई नगर में शुक्रवार सुबह सार्वजनिक महिला शौचालय में नवजात शिशु का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार सुबह करीब 9 बजे सफाई के दौरान कर्मचारियों ने शौचालय के अंदर नवजात का शव देखा। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नवजात को वहां कौन छोड़कर गया और घटना किन परिस्थितियों में हुई।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही नवजात की मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच जारी है। घटना के बाद हर्रई नगर में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने दोषियों की शीघ्र पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।




