सिमरिया, पीयूष कुमार गुप्ता। मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा संचालित "साइबर जागरूकता 2.0 – सेफ क्लिक अभियान" के तहत सिमरिया क्षेत्र में साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के अंतर्गत प्रमुख बाजारों, सार्वजनिक स्थलों एवं विद्यालयों में लोगों को डिजिटल सुरक्षा और साइबर ठगी से बचाव के उपाय बताए गए।


इस अवसर पर पन्ना पुलिस अधीक्षिका निवेदिता नायडू, एसडीओपी भावना सिंह, थाना प्रभारी माधवी अग्निहोत्री एवं चौकी प्रभारी दीपक सिंह भदौरिया ने स्कूली बच्चों से संवाद किया। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा करने के खतरे, सोशल मीडिया पर सतर्कता तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के बारे में विस्तार से जानकारी दी।


अधिकारियों ने बच्चों से कहा कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या मैसेज पर भरोसा न करें और साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत पुलिस की सहायता लें। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के माध्यम से समाज में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और डिजिटल अपराधों पर प्रभावी रोकथाम सुनिश्चित करना रहा।