रीवा, राजन शुक्ला। शहर में रविवार देर रात गोली लगने से एक आरक्षक की मौत का मामला सामने आया है। गंभीर हालत में आरक्षक को संजय गांधी अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही रीवा पुलिस अधीक्षक अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली।


मृतक की पहचान राकेश पटेल के रूप में हुई है, जो मैहर जिले के रामनगर थाने में पदस्थ था। बताया जा रहा है कि रविवार को वह समान थाना क्षेत्र स्थित अपने घर आया था। इसी दौरान वह अपने साथी राकेश मिश्रा के घर पार्टी में शामिल होने गया था, जहां संदिग्ध परिस्थितियों में उसके कनपटी में गोली लग गई।


घटना के बाद वहां मौजूद लोग गंभीर रूप से घायल आरक्षक को तत्काल संजय गांधी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।


रीवा पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। गोली कैसे चली और किन परिस्थितियों में घटना हुई, इसका पता लगाने के लिए पुलिस द्वारा सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।