बागेश्वर धाम में 10 दिवसीय कन्या विवाह महोत्सव का शंखनाद आज से

Advertisement
छतरपुर(रोहित पाठक)। करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र बागेश्वर धाम में गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर सप्तम कन्या विवाह महा महोत्सव का आयोजन होने जा रहा है। 10 दिवसीय इस महोत्सव का शंखनाद शुक्रवार से हो रहा है। गुरुवार को प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ बागेश्वर धाम जन सेवा समिति के सदस्यों व पदाधिकारी की समन्वय बैठक हुई बैठक में आयोजन से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विधिवत चर्चा हुई। लाखों लोगों के धाम में आने से लेकर उनके सुरक्षित यहां से निकलने, भोजन, यातायात, सुरक्षा जैसे बिंदुओं पर जानकारी का आदान-प्रदान किया गया। समिति के सदस्यों ने प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को आयोजन स्थल का निरीक्षण कराया।
आयोजन प्रभारी धीरेंद्र गौर ने बताया कि एडीएम मिलिंद नागदेवे और एएसपी आदित्य पटले के साथ अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में आयोजन को लेकर बैठक हुई। बैठक के माध्यम से सभी पहलुओं पर चर्चा की गई। बागेश्वर धाम आने वाले लोग सभी कार्यक्रमों में अपनी सहभागिता देने के साथ पुण्य लाभ अर्जित कर सकुशल वापस घर निकल सकें यह सबसे महत्वपूर्ण है। समिति की ओर से आयोजन को गरिमापूर्ण बनाने के पूरे प्रबंध किए गए हैं। एडीएम श्री नागदेवे ने कहा कि सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वह चौकन्ने रहकर व्यवस्थाएं संभालें, हर परिस्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहे। आने वाले लोगों को कोई परेशानी न हो इसका विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।
यातायात और सुरक्षा पर रहेगी पुलिस की नजर
एसपी आदित्य पटले ने बताया कि बागेश्वर धाम में 300 बेटियों के कन्या विवाह के अवसर पर फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस, पार्किंग आने-जाने के मार्ग, सुरक्षा आदि बिंदुओं पर समिति के साथ बैठक कर चर्चा की गई है। जाम की स्थिति न हो इसलिए ट्रैफिक का प्लान निर्धारित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिले का पर्याप्त पुलिस बल व्यवस्था में लगाया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि आवश्यकता अनुसार बाहर से पुलिस बल बुलाया जाएगा।
