बीना, बृजपाल सिंह राजपूत। बीना नगर में कृषि भूमि पर अवैध रूप से विकसित की जा रही रहवासी कॉलोनियों को लेकर प्रशासन अब सख्त नजर आ रहा है। मध्यप्रदेश संचालनालय भोपाल के निर्देश पर सागर कलेक्टर ने नगरपालिका परिषद बीना के सीएमओ को आदेश जारी कर नगर में विकसित अवैध कॉलोनियों की जानकारी तलब की है। साथ ही नियमों के तहत कर वसूली और कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं।
जानकारी के अनुसार बीना नगर में कई स्थानों पर भू-माफिया द्वारा किसानों से कृषि भूमि खरीदकर बिना शासन की अनुमति के अवैध रहवासी कॉलोनियां विकसित की जा रही हैं। आरोप है कि राजनीतिक संरक्षण में यह कारोबार लंबे समय से संचालित हो रहा है और शासन को करोड़ों रुपए के राजस्व का नुकसान पहुंचाया जा रहा है।
प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक अब उन कॉलोनाइजरों पर कार्रवाई की जाएगी, जिन्होंने नियमानुसार कर जमा नहीं किया है। कलेक्टर के निर्देश के बाद नगर पालिका परिषद बीना द्वारा अवैध कॉलोनियों की सूची तैयार की जा रही है।
गौरतलब है कि इन अवैध कॉलोनियों में रहने वाले लोग बाद में सड़क, बिजली, पानी और अन्य मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर आंदोलन करते हैं, जिससे नगरपालिका पर अतिरिक्त दबाव बनता है। ऐसे में अब प्रशासन अवैध कॉलोनियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की तैयारी में है।
प्रशासन का कहना है कि नियम विरुद्ध विकसित कॉलोनियों पर नियमानुसार कार्रवाई कर शासन के राजस्व की वसूली सुनिश्चित की जाएगी।

