छतरपुर। गहोई सेवा क्लब छतरपुर द्वारा राष्ट्रकवि मैथिली शरण गुप्त इंग्लिश स्कूल प्रांगण में संचालित 15 दिवसीय समर कैंप का भव्य समापन समारोह गहोई धाम में विशाल जन समूह के बीच अत्यंत गरिमापूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। इस अवसर पर बच्चों की कलात्मक प्रदर्शनी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित स्वजातीय बंधुओं का दिल जीत लिया।
गत 4 जून से 18 जून 2026 तक आयोजित इस समर कैंप में 4 से 13 वर्ष तक के बच्चों ने विभिन्न कलाओं का प्रशिक्षण प्राप्त किया था। समापन समारोह में बच्चों द्वारा निर्मित आकर्षक वस्तुओं की एक प्रदर्शनी लगाई गई, जिसने उनकी कड़ी मेहनत और रचनात्मकता का प्रमाण प्रस्तुत किया। इसके साथ ही नन्हे-मुन्ने बच्चों ने मनमोहक डांस परफॉर्मेंस देकर खूब तालियां बटोरीं। मंचीय कार्यक्रम से पूर्व समाज के लोगों के लिए माचिस का टावर बनाना, पिक द ग्लास, स्मरण शक्ति, गहोई 1 मिनट और कुर्सी दौड़ जैसी मनोरंजक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें सभी ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
प्रतियोगिताओं के उपरांत मुख्य मंचीय कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में चिल्ड्रन वेलफेयर कमेटी के सदस्य मणिकांत गुप्ता उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा जिला उपाध्यक्ष व समाजसेवी पंकज पहारिया, नगर गहोई समाज अध्यक्ष प्रेम नारायण रूसिया, गहोई धर्मशाला अध्यक्ष राजेंद्र खरया, महिला मंडल महामंत्री श्रीमती कोमल टिकरिया एवं यूथ क्लब महामंत्री अमित बरसैयां मंच पर आसीन रहे। कार्यक्रम का सफल मंच संचालन राजेश रूसिया एवं जयदीप बृजपुरिया द्वारा किया गया। सभी अतिथियों ने गहोई सेवा क्लब की इस अनूठी पहल की सराहना करते हुए सदस्यों को भविष्य में भी ऐसे आयोजन निरंतर करने के लिए प्रेरित किया।
इन विजेताओं को मिले पुरस्कार
कार्यक्रम के अंतिम चरण में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार और समर कैंप में भाग लेने वाले सभी बच्चों को प्रशस्ति पत्र वितरित किए गए। इस सफल आयोजन को संपन्न कराने में गहोई सेवा क्लब के सदस्य जयदेव बृजपुरिया, दुर्गेश गुप्ता, राजेश पंसारी, संजय बृजपुरिया, अजय खरया, अभिनव बरसैयां, देवेश टिकरिया, सौरभ रावत, बृजेश नौगरैया, अमर नीखरा, पुरुषोत्तम दास सेठ, बी एन मातेले, अमित मातेले, मृदुलेश नौगरैया, रोहित नगरिया, अंबिका बृजपुरिया, सुदामा प्रसाद खर्द और अमित पहारिया सहित सभी सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा। अंत में क्लब की महिला इकाई की सदस्य श्रीमती रश्मि खरया, श्रीमती प्रिया रावत, श्रीमती श्वेता कटारे एवं श्रीमती चित्रा बृजपुरिया ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए पधारे सभी स्वजातीय बंधुओं का आभार व्यक्त किया। क्लब ने संकल्प दोहराया कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए इस तरह के समर कैंप का आयोजन प्रतिवर्ष निरंतर किया जाता रहेगा।

