भोपाल। भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने देश के विभिन्न राज्यों में राज्यसभा और विधान परिषदों की खाली सीटों को भरने के लिए चुनाव कार्यक्रमों की घोषणा कर दी है। आयोग द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस नोट के अनुसार, 3 राज्यों में विधान परिषदों और 10 राज्यों में राज्यसभा की कुल 27 सीटों पर द्विवार्षिक व उपचुनाव कराए जाएंगे, जिसके लिए आज यानी 1 जून 2026 से नामांकन की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। हालांकि, इस देशव्यापी चुनावी घोषणा के बीच दतिया के स्थानीय मतदाताओं और राजनीतिक गलियारों को तगड़ा झटका लगा है। लंबे समय से कयास लगाए जा रहे थे कि इस सूची में दतिया विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव का भी एलान किया जाएगा, लेकिन आयोग द्वारा जारी इस कार्यक्रम में दतिया उपचुनाव को लेकर कोई जिक्र नहीं किया गया है।


दतिया को अभी और करना होगा इंतजार

दतिया विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव को लेकर काफी समय से सुगबुगाहट तेज थी। स्थानीय राजनीतिक दलों से लेकर आम जनता तक को उम्मीद थी कि निर्वाचन आयोग की इस नई सूची में दतिया का नाम भी शामिल होगा और क्षेत्र को जल्द ही अपना नया जनप्रतिनिधि मिलेगा। लेकिन आज जारी हुई इस अधिसूचना से यह साफ हो गया है कि दतिया के मतदाताओं को अभी कुछ और समय इंतजार करना पड़ेगा। इस लिस्ट में आयोग ने मध्य प्रदेश को केवल राज्यसभा की द्विवार्षिक सीटों के दायरे में ही रखा है।


Election Commision Latter



इन 27 सीटों पर शुरू हुई चुनावी प्रक्रिया

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, चुनाव आयोग ने जिन 27 सीटों के लिए कार्यक्रम तय किया है, उनका विवरण इस प्रकार है:

राज्यसभा (Council of States): 10 राज्यों (जिसमें मध्य प्रदेश भी शामिल है) की 24 सीटों पर द्विवार्षिक चुनाव होंगे। इसके अलावा महाराष्ट्र, तमिलनाडु और ओडिशा की 1-1 सीट पर राज्यसभा उपचुनाव कराया जाएगा।

विधान परिषद (State Legislative Councils): बिहार की 9 और कर्नाटक की 7 सीटों पर द्विवार्षिक चुनाव होंगे, जबकि बिहार विधान परिषद की ही 1 सीट पर उपचुनाव का एलान किया गया है।


यह रहेगा चुनाव का पूरा शेड्यूल

आयोग ने चुनावी अधिसूचना जारी करने के साथ ही रिटर्निंग अफसरों की नियुक्तियां कर दी हैं। इन सभी घोषित सीटों के लिए कार्यक्रम निम्नानुसार रहेगा:

नामांकन की शुरुआत: 1 जून 2026 (आज सुबह 11:00 बजे से)

नामांकन की आखिरी तारीख: 8 जून 2026 (दोपहर 3:00 बजे तक)

नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी): 9 जून 2026

नाम वापसी की अंतिम तिथि: 11 जून 2026

मतदान की तारीख (यदि आवश्यक हुआ): 18 जून 2026 (सुबह 8:00 से शाम 4:00 बजे तक)

मतगणना (Counting): 18 जून 2026 (शाम 5:00 बजे से)


जहां एक तरफ इन 27 सीटों पर आज से राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं, वहीं दतिया में उपचुनाव की घोषणा न होने के कारण अब स्थानीय नेताओं और दावेदारों को अपनी तैयारियों को थामकर आयोग के अगले कदम का इंतजार करना होगा।