भोपाल। मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। चुनाव आयोग अगले सप्ताह उपचुनाव की अधिसूचना जारी कर सकता है। सूत्रों के मुताबिक 26 मई के बाद कभी भी अधिसूचना जारी होने की संभावना है, जिसके बाद नामांकन प्रक्रिया और चुनावी गतिविधियां औपचारिक रूप से शुरू हो जाएंगी।
दतिया सीट पर भाजपा और कांग्रेस दोनों ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। भाजपा की ओर से पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा सक्रिय हो गए हैं। वहीं कांग्रेस के पूर्व विधायक राजेंद्र भारती ने अपने बेटे अंकित भारती के साथ राहुल गांधी से मुलाकात कर चुनावी तैयारियों के संकेत दिए हैं। हालांकि कांग्रेस संगठन की ओर से अवधेश नायक को भी चुनावी तैयारी के लिए संकेत दिए जाने की चर्चा है।
दरअसल, दतिया सीट कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की सदस्यता रद्द होने के बाद रिक्त हुई थी। दिल्ली की एक अदालत द्वारा बैंक धोखाधड़ी के 28 साल पुराने मामले में सजा सुनाए जाने के बाद विधानसभा सचिवालय ने उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया था।
उपचुनाव की तैयारियों के तहत दतिया कलेक्टर ने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को 25 मई से शुरू होने वाली ईवीएम जांच प्रक्रिया में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की ओर से भी इस संबंध में आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
अधिसूचना जारी होते ही दतिया विधानसभा क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता लागू हो जाएगी। भाजपा के लिए यह चुनाव प्रतिष्ठा का सवाल माना जा रहा है, क्योंकि 2023 के विधानसभा चुनाव में नरोत्तम मिश्रा बेहद करीबी मुकाबले में राजेंद्र भारती से हार गए थे। राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक यह उपचुनाव नरोत्तम मिश्रा की सक्रिय राजनीति और संभावित कैबिनेट वापसी के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है।
हाल ही में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र सिंह तोमर और नरोत्तम मिश्रा के बीच हुई बंद कमरे की बैठक ने भी प्रदेश की राजनीति में चर्चाओं को हवा दे दी है। वहीं कांग्रेस अपनी राजनीतिक पकड़ बनाए रखने के लिए पूरी ताकत झोंकने की तैयारी में है।

