सतना, अंबिका केशरी। शहर के व्यस्त बाजार क्षेत्र में स्थित पीएमश्री महारानी लक्ष्मीबाई (एमएलबी) बालिका विद्यालय में गुरुवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। विद्यालय की बाउंड्री वॉल अचानक ढह जाने से छात्रा समेत तीन लोग मलबे में दब गए। स्थानीय लोगों की तत्परता से सभी घायलों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में एक युवती की हालत गंभीर बताई गई है, जबकि दो अन्य को सामान्य चोटें आई हैं। घटना में बाउंड्री से सटे तीन वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विद्यालय परिसर के समीप स्थित एक पेड़ अचानक गिर गया। पेड़ के भार से विद्यालय की बाउंड्री वॉल का बड़ा हिस्सा भरभराकर ढह गया और सड़क किनारे खड़े लोग उसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने बिना देर किए राहत कार्य शुरू किया और मलबा हटाकर घायलों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
हादसे में कोलगवां निवासी 24 वर्षीय खुशी यादव, 16 वर्षीय प्रांशी रजक और 13 वर्षीय अनुराग घायल हुए हैं। बताया गया कि खुशी यादव अपनी परिचित प्रांशी रजक का एमएलबी विद्यालय में प्रवेश कराने आई थीं। प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों सड़क किनारे ऑटो का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान वे एक स्ट्रीट फूड ठेले के पास खड़ी थीं, तभी अचानक पेड़ गिरा और उसके साथ बाउंड्री वॉल भी ढह गई। मलबे में दबने से तीनों घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार खुशी यादव को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि प्रांशी रजक और अनुराग को प्राथमिक उपचार के बाद निगरानी में रखा गया है। तीनों का उपचार जारी है।
हादसे में बाउंड्री वॉल से सटे तीन वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद विद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया तथा बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। विद्यालय के प्राचार्य मिथलेश साहू से घटना के संबंध में संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
घटना के बाद विद्यालय की बाउंड्री वॉल की गुणवत्ता, रखरखाव और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा विद्यालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने की मांग की है।

