महाराजपुर, शिवम चौरसिया। गढ़ीमलहरा थाना क्षेत्र के ग्राम पिड़पा में शुक्रवार शाम मेड़ पर गिरे पेड़ को हटाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। घटना में दोनों पक्षों के तीन-तीन लोग घायल हो गए। सभी घायलों को महाराजपुर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कर प्राथमिक उपचार कराया गया, जहां उनका मेडिकल परीक्षण (एमएलसी) भी किया गया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


जानकारी के अनुसार तेज आंधी, तूफान और बारिश के दौरान खेत की मेड़ पर खड़ा एक पेड़ गिरकर दूसरे भाई की जमीन पर बने तीन टप्परों पर जा गिरा। टप्परों के नीचे बंधे मवेशी भी पेड़ के नीचे दब गए। बताया गया कि पेड़ को काटकर हटाने की बात पहले ही तय हुई थी, लेकिन समय पर पेड़ नहीं हटाए जाने से मवेशियों वाले पक्ष के लोग दूसरे भाई के खेत पर पहुंच गए।


पेड़ हटाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। ग्रामीणों का कहना है कि जमीन के बंटवारे के बाद से दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा था, जिसके चलते मामूली बात ने हिंसक रूप ले लिया।


घटना में दोनों पक्षों के कुल छह लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।