दमोह, राजेन्द्र तिवारी। जिले के बटियागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत सिहेरा गांव में अवैध शराब और पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिसमें महिलाओं सहित 7 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए बटियागढ़ स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
जानकारी के अनुसार, एक पक्ष ने आरोप लगाया कि गाली-गलौज के बाद अवैध शराब के विवाद को लेकर मारपीट शुरू हुई और देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। घटना की सूचना डायल-112 को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
बताया जा रहा है कि अस्पताल पहुंचने के बाद भी दोनों पक्षों के बीच विवाद शांत नहीं हुआ और वहां भी झड़प हो गई। इस दौरान एक-दूसरे पर चप्पलों से हमला किए जाने की बात सामने आई है। बाद में पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाकर मामला शांत कराया।
पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर विभिन्न धाराओं में मारपीट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घायलों में रोहित ठाकुर, महीप सिंह सहित अन्य महिला एवं पुरुष शामिल हैं।

