हटा (जिमी नगरिया)। दमोह जिले के हटा विकासखंड के हिनौता गांव में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के नवीन भवन के लोकार्पण समारोह के दौरान निर्माण कार्य की गुणवत्ता का मुद्दा मंच से ही गूंज उठा। कार्यक्रम में मौजूद भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष गोपाल पटेल ने करोड़ों रुपये की लागत से बने भवन की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए ठेकेदारों और संबंधित अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सरकार विकास कार्यों के लिए पर्याप्त राशि उपलब्ध करा रही है, लेकिन कुछ ठेकेदार और अधिकारी घटिया निर्माण कर सरकार की मंशा पर पानी फेर रहे हैं। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से भी ऐसे मामलों में अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील की।


गोपाल पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि अंग्रेजों के समय बने भवन आज भी मजबूती से खड़े हैं, जबकि वर्तमान में निर्मित कई भवन 10 से 20 वर्ष भी टिक जाएं तो बड़ी बात होती है। उन्होंने विद्यालय भवन के निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाने के साथ ही कार्यक्रम के शिलालेख एवं आमंत्रण पत्र में जनपद पंचायत अध्यक्ष गंगाराम पटेल का नाम शामिल नहीं किए जाने पर भी आपत्ति दर्ज कराई। मंच से दिए गए उनके बयान के बाद कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच भी चर्चा का माहौल बन गया।



कार्यक्रम में हटा विधायक उमादेवी खटीक, कैबिनेट दर्जा प्राप्त मंत्री डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। भाजपा मंडल अध्यक्ष की आपत्तियों के बाद विधायक उमादेवी खटीक ने भी भवन निर्माण की गुणवत्ता पर चिंता व्यक्त करते हुए शिक्षा विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जब तक निर्माण कार्य पूरी तरह संतोषजनक नहीं हो जाता और आवश्यक सुधार नहीं कर लिए जाते, तब तक भवन का हैंडओवर नहीं किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की राशि का दुरुपयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा और निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप कराया जाना चाहिए।


लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान सार्वजनिक रूप से निर्माण गुणवत्ता का मुद्दा उठने के बाद अब सभी की निगाहें संबंधित विभाग और निर्माण एजेंसी पर टिकी हैं। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि भवन की तकनीकी जांच कर आवश्यक सुधार किए जाएंगे और जिम्मेदारों पर भी उचित कार्रवाई होगी। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को निःशुल्क साइकिलों का वितरण भी किया गया, लेकिन निर्माण गुणवत्ता का मुद्दा पूरे आयोजन का प्रमुख विषय बनकर सामने आया।