टीकमगढ़, मोहसिन अहमद। जिला चिकित्सालय टीकमगढ़ की स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुदृढ़ एवं जनहितैषी बनाने की दिशा में प्रशासन द्वारा महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। कार्यालय कलेक्टर जिला टीकमगढ़ द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिला चिकित्सालय टीकमगढ़ हेतु रोगी कल्याण समिति (आरकेएस) की साधारण सभा का पुनर्गठन किया गया है। इस नई कार्यकारिणी में मध्य प्रदेश शासन, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के दिशा-निर्देशों के तहत माननीय प्रभारी मंत्री द्वारा भारतीय जनता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष अंकित सिंह तोमर को सदस्य के रूप में मनोनीत किया गया है।


कलेक्टर एवं अध्यक्ष रोगी कल्याण समिति द्वारा जारी पत्र क्रमांक आरकेएस/2026/2770-71 के अनुसार अंकित सिंह तोमर एवं रामगोपाल चौरसिया को समिति में विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है। समिति में जिले के जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को भी शामिल किया गया है, ताकि जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके तथा मरीजों को बेहतर उपचार एवं सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।


गौरतलब है कि रोगी कल्याण समिति जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं, मरीजों की सुविधाओं, साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता एवं स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। ऐसे में अंकित सिंह तोमर के समिति में शामिल होने से अस्पताल प्रबंधन एवं आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होने की उम्मीद जताई जा रही है।


अंकित सिंह तोमर अपनी सक्रिय सामाजिक भूमिका, जनसेवा और संगठनात्मक कार्यशैली के लिए क्षेत्र में विशेष पहचान रखते हैं। उनके मनोनयन के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं, समर्थकों एवं क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल देखा गया। अनेक लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके प्रयासों से जिला चिकित्सालय की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिलेगा और जरूरतमंद मरीजों को समय पर बेहतर उपचार का लाभ प्राप्त होगा।


समिति में सदस्य मनोनीत होने पर अंकित सिंह तोमर ने सभी वरिष्ठ नेताओं, प्रशासनिक अधिकारियों एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वे पूरी जिम्मेदारी और निष्ठा के साथ कार्य करते हुए जिला अस्पताल में मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।


उनके मनोनयन पर समस्त मित्र मंडल, भाजपा कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों द्वारा हार्दिक बधाई एवं सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दी गई हैं।