मंदसौर,ललित शंकर धाकड़। जिले में आंधी-तूफान के दौरान एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। कुशालपुरा गांव की 24 वर्षीय युवती आशा पिता कन्हैयालाल सूर्यवंशी की नदी में गिरने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवती मोटर बोट (स्टीमर) से खात्याखेड़ी गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रही थी।


इसी दौरान तेज हवाओं और खराब मौसम के चलते मोटर बोट अचानक असंतुलित हो गई, जिससे युवती नदी में जा गिरी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।काफी देर तक चले सर्च अभियान के बाद युवती का शव नदी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नाहरगढ़ स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया है।


नाहरगढ़ थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद मृतका के परिवार में शोक की लहर है।