नई दिल्ली, 26 मई । दिल्ली सरकार के लोक निर्माण मंत्री प्रवेश वर्मा ने मंगलवार बारापुला फ्लाईओवर के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि जब हमारी सरकार सत्ता में आई थी तो 20 फरवरी को शपथ लेने के बाद हम तुरंत इस रुके हुए प्रोजेक्ट को देखने गए थे। उन्होंने कहा कि बारापुला फ्लाईओवर को 2017 में ही पूरा हो जाना चाहिए था लेकिन इसमें लगभग 8-9 साल की देरी हो चुकी है। पिछली सरकारों ने इसे पूरा करने में गंभीरता नहीं दिखाई। यहां तक कि जरूरी एनओसी लेने में भी ठीक से सहयोग नहीं मिला।

लोक निर्माण मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि जब मैं पहली बार यहां आया तो अधिकारियों की ओर से कहा गया कि पहली बार इसे देखने के लिए कोई मंत्री आया है। इसके बाद से हर हफ्ते मेरे कार्यालय से इसे फॉलो किया गया। मैंने पहले भी कहा था कि 30 जून तक इस काम को खत्म कर देंगे। हमारा काम बिल्कुल समय से चल रहा है और यह 30 जून को समय से पूरा हो जाएगा।

उन्होंने कहा कि देश में पहली बार कोई ऐसा फ्लाईओवर है, जिसमें साइकिल कॉरिडोर बनाया गया है। इसमें एक और लेन बनाई गई है, जिसमें साइकिल और टूव्हीलर चलाने वाले अलग लेन में जा सकते हैं। हम लोग कुछ और काम सोच रहे हैं और अच्छा काम करके दिखाएंगे। इससे पहले 12 मई को प्रवेश वर्मा ने कहा था कि बारापुला फ्लाईओवर एक बहुत बड़ा प्रोजेक्ट है। यहां काम कर रही कंपनी को शिकायत थी कि उन्हें पिछली सरकार से पेमेंट नहीं मिल रही थी।

उन्होंने कहा कि हमने उन्हें पेमेंट करना शुरू कर दिया और अब पुल लगभग बन चुका है। हमारा लक्ष्य इसे इसी साल शुरू करना है। बता दें कि यह दिल्ली का एक बेहद महत्वपूर्ण एलिवेटेड कॉरिडोर है, जो मुख्य रूप से दक्षिणी दिल्ली को पूर्वी दिल्ली और नोएडा से जोड़ता है।

(नोटः पिछली खबर में दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा के पद को लेकर त्रुटिवश डिप्टी सीएम लिख दिया गया था...संपादक कृपया इस संशोधित कॉपी को रिलीज करें)