मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। उज्जैन लोकायुक्त की टीम ने मंदसौर वन विभाग में पदस्थ एक बाबू को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी बाबू विभाग के ही एक वन रक्षक से अर्जित अवकाश स्वीकृत करने के एवज में रिश्वत की मांग कर रहा था।


जानकारी के अनुसार, स्थापना शाखा में पदस्थ बाबू कृष्ण प्रताप सिंह राठौर ने वन रक्षक ललित मीणा से 43 दिन के अर्जित अवकाश को स्वीकृत कराने और IFMIS पोर्टल पर आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के बदले 3 से 4 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। बाबू की मांग से परेशान वन रक्षक ने इसकी शिकायत उज्जैन लोकायुक्त कार्यालय में की।


शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त उज्जैन के उप पुलिस अधीक्षक दिनेशचंद्र पटेल के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई। तय योजना के अनुसार गुरुवार को मंदसौर स्थित वन विभाग कार्यालय में जैसे ही बाबू कृष्ण प्रताप सिंह राठौर ने वन रक्षक से 3 हजार रुपए रिश्वत के रूप में लिए, लोकायुक्त टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।

कार्रवाई के बाद लोकायुक्त टीम ने आरोपी को अभिरक्षा में लेकर उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई से वन विभाग सहित अन्य शासकीय कार्यालयों में हड़कंप की स्थिति बन गई है।