सतना, अंबिका केशरी। जनपद पंचायत रामपुर बाघेलान अंतर्गत ग्राम पंचायत सिजहटा के ग्राम झांझर में पिछले पांच वर्षों से जारी अवैध शराब बिक्री के विरोध में ग्रामीण महिलाओं ने जिला प्रशासन से न्याय की मांग की है। कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर महिलाओं ने ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी कि यदि गांव में अवैध शराब की बिक्री पर जल्द रोक नहीं लगाई गई तो वे अपने मासूम बच्चों के साथ उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगी।


महिलाओं ने ज्ञापन में बताया कि गांव में ठेकेदारों के माध्यम से खुलेआम अवैध शराब बेची जा रही है। इस संबंध में 23 मार्च 2026 को तहसीलदार रामपुर बाघेलान को भी शिकायत की गई थी, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के भीतर संचालित अवैध शराब बिक्री केंद्रों के कारण सामाजिक माहौल लगातार बिगड़ रहा है और परिवारों का जीवन प्रभावित हो रहा है।


पीड़ित महिलाओं का कहना है कि शराब की आसान उपलब्धता के कारण पुरुष प्रतिदिन नशे की हालत में घर लौटते हैं और महिलाओं व बच्चों के साथ मारपीट तथा अभद्र व्यवहार करते हैं। कई मामलों में बच्चों को भी डराकर शराब मंगवाई जाती है। इससे परिवारों में तनाव बढ़ रहा है और बच्चों की शिक्षा पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। भय और अशांति के माहौल के चलते कई बच्चे नियमित रूप से स्कूल नहीं जा पा रहे हैं।


ग्रामीणों के अनुसार शाम होते ही गांव में शराबियों का जमावड़ा लग जाता है। गाली-गलौज, झगड़े और हुड़दंग आम बात हो गई है, जिससे महिलाओं और युवतियों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। महिलाओं ने आरोप लगाया कि अवैध शराब बिक्री का विरोध करने पर शराब माफियाओं और उनके सहयोगियों द्वारा धमकियां दी जाती हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से अवैध शराब कारोबार पर तत्काल रोक लगाने, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा गांव में कानून-व्यवस्था बहाल करने की मांग की है।


महिलाओं ने स्पष्ट किया कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे व्यापक जनआंदोलन शुरू करेंगी, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।