मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। मंदसौर जिले के शामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम मकड़ावन में ग्राम पंचायत की कार्यप्रणाली से नाराज एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। करीब दो घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस की समझाइश और समाधान के आश्वासन पर युवक सुरक्षित नीचे उतर आया। घटना के दौरान गांव में लोगों की भीड़ जुट गई और प्रशासनिक अमला भी मौके पर पहुंच गया।


जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत द्वारा गांव में सड़क चौड़ीकरण का कार्य कराया जा रहा है। इस दौरान एक युवक के घर के सामने बना निर्माण कार्य सड़क चौड़ीकरण की जद में आ रहा था। पंचायत की ओर से निर्माण हटाने के लिए कहे जाने पर युवक नाराज हो गया और विरोध स्वरूप गांव में लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गया।


घटना की सूचना मिलते ही शामगढ़ थाना पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों और परिजनों ने युवक को नीचे उतरने के लिए काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह पंचायत की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए टावर पर ही डटा रहा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी कपिल सौराष्ट्रीय ने स्वयं युवक से बातचीत की और उसकी समस्याएं सुनीं।


करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस की समझाइश रंग लाई और युवक सुरक्षित टावर से नीचे उतर आया। इसके बाद थाना प्रभारी ने पंचायत प्रतिनिधियों से चर्चा कर युवक की समस्या का नियमानुसार समाधान कराने का आश्वासन दिया। पुलिस की सूझबूझ और समझाइश से मामला शांतिपूर्ण ढंग से सुलझ गया।