छतरपुर, विनोद मिश्रा । जिले के बड़ामलहरा क्षेत्र में खेत पर काम कर रही एक 65 वर्षीय वृद्ध महिला की सांप के काटने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार रूप रानी आदिवासी पत्नी स्वर्गीय कलुआ आदिवासी खेत में कटाई का कार्य कर रही थीं। दोपहर करीब 1 बजे अचानक उन्हें सांप ने काट लिया। उस समय उनकी बहू संतोष रानी आदिवासी भी खेत पर मौजूद थीं। बहू ने देखा कि रूप रानी को किसी जहरीले जीव ने काट लिया है, जिसके बाद परिजन तत्काल उन्हें उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे।
अस्पताल में डॉक्टरों द्वारा वृद्ध महिला का इलाज शुरू किया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के चलते उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना संबंधित प्रशासन और पुलिस को दे दी गई है। वहीं महिला की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

