अजयगढ़, मोहम्मद मुस्तकीम। पन्ना जिले के उत्तर वन मंडल अंतर्गत अजयगढ़ वन परिक्षेत्र के वन विभाग बैरियर पर कथित अवैध वसूली का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में रेत से भरे ट्रकों से बैरियर पर कर्मचारियों द्वारा पैसे लिए जाने का दावा किया गया है। वीडियो में कैमरा देखते ही बैरियर पर मौजूद एक कर्मचारी अपना चेहरा छिपाते हुए वहां से निकलता दिखाई देता है, जिसके बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है।
वायरल वीडियो में ट्रक चालकों का दावा है कि बैरियर से गुजरने वाले प्रत्येक रेत से भरे ट्रक से 50 रुपये की वसूली की जाती है। चालकों ने आरोप लगाया कि बैरियर पर लंबे समय से इस तरह की अवैध वसूली की जा रही है। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उत्तर वन मंडल के डीएफओ धीरेंद्र सिंह ने इसे गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की जांच एसडीओ स्तर के अधिकारी को सौंपी गई है। डीएफओ ने स्पष्ट किया कि यदि जांच में अवैध वसूली की पुष्टि होती है तो संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पूरे क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोगों और वाहन चालकों की निगाह अब जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई है। सभी को उम्मीद है कि जांच के बाद वास्तविक तथ्य सामने आएंगे और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ विभाग आवश्यक कार्रवाई करेगा।

