इंदौर, रविकांत वर्मा। हीरानगर थाना क्षेत्र के मेघदूत नगर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पति ने अपनी पत्नी के कथित प्रेम प्रसंग पर चरित्र शंका के विवाद में पहले उसकी बेरहमी से हत्या कर दी और फिर खुद जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। इस खौफनाक वारदात का पता तब चला जब मृत दंपति की मासूम बेटी बंद कमरे में शवों के पास बैठकर बिलख-बिलख कर रो रही थी। बच्ची की रोने की आवाज सुनकर पड़ोसियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने जब कमरे का दरवाजा तोड़ा तो भीतर का नजारा देखकर सब सदमे में आ गए। महिला का शव लहूलुहान हालत में पड़ा था, जबकि पास ही उसका पति हल्के वीर पटेल उर्फ हल्के सिंह भी मृत अवस्था में मिला। प्राथमिक जांच में पता चला कि दोनों शव उनके किराए के मकान में ही थे। परिवार मूल रूप से होशंगाबाद का रहने वाला था और मेघदूत नगर में किराए पर रह रहा था।
हल्के सिंह पीथमपुर की एक प्रसिद्ध पेस्टीसाइड कंपनी में नौकरी करते थे। बताया जा रहा है कि उनकी पत्नी का पीथमपुर में ही रहने वाले सुनील साहू नामक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। जब हल्के सिंह को इस संबंध की जानकारी लगी तो घर में लगातार झगड़े और तनाव की स्थिति बन गई। विवाद सुलझाने के लिए हल्के सिंह शनिवार को एक रिश्तेदार के साथ पीथमपुर गए और सुनील साहू को चेतावनी दी।
घर लौटने के बाद रात में पति-पत्नी के बीच फिर से इसी मुद्दे पर जोरदार बहस हुई। गुस्से और अवसाद में आकर हल्के सिंह ने पहले अपनी पत्नी की हत्या कर दी और फिर कंपनी से लाए गए कीटनाशक जहर को पी लिया। सुबह पड़ोसियों को जब बच्ची के रोने की आवाज सुनाई दी और घर का दरवाजा नहीं खुला तो उन्होंने हीरानगर पुलिस को सूचित किया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एफएसएल टीम की मौजूदगी में जांच की और दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए एमवाय अस्पताल भिजवाया। मामले की गहराई से जांच के लिए पुलिस ने दोनों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं। हीरानगर पुलिस इस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।

