छतरपुर, संतोष शिवहरे। शहर के सौंरा रोड क्षेत्र में एक अकेले रहने वाली बुजुर्ग महिला को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताडि़त करने तथा घर में घुसकर बदतमीजी करने का गंभीर मामला सामने आया है। पीडि़ता रामदेवी मिश्रा पत्नी स्वर्गीय ज्ञानी मिश्रा जो वर्तमान में वार्ड क्रमांक 2, बिहार कॉलोनी, छतरपुर की निवासी हैं, ने इस संबंध में जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायती पत्र सौंपकर सुरक्षा और न्याय की मांग की है। महिला का आरोप है कि स्थानीय पुलिस थाने में शिकायत करने के बावजूद अब तक उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई है, जिसके कारण वह अत्यंत परेशान और भयभीत हैं।


कलेक्टर को सौंपे गए शिकायती आवेदन में पीडि़ता ने बताया कि वह सौंरा रोड स्थित अपने मकान में अकेली रहती हैं। उनका बेटा वर्तमान में जेल में है और पति का देहांत हो चुका है। महिला का आरोप है कि मातौल निवासी आरोपी महेश तिवारी अक्सर उनके सूने घर में जबरन दाखिल हो जाता है। वह शाम के समय घर आकर उन्हें लगातार परेशान करता है और धमकी भरे लहजे में कहता है कि उसे भी इसी मकान में रहना है क्योंकि यह मकान उसका है। आरोपी द्वारा महिला के साथ लगातार की जा रही जबरदस्ती और बदतमीजी के कारण उनका अपने ही घर में रहना मुश्किल हो गया है। पीडि़ता ने प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों से इस मामले को गंभीरता से लेते हुए उनके आवेदन पर उचित और त्वरित वैधानिक कार्रवाई करने की विनम्र अपील की है।