भोपाल,जीतेन्द्र यादव। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के अशोका गार्डन क्षेत्र में एक छात्रा के साथ पहचान छिपाकर कथित यौन शोषण का मामला सामने आया है। पीड़िता, जो एक निजी विश्वविद्यालय की छात्रा बताई जा रही है, ने आरोप लगाया कि आसिफ रज़ा नामक युवक ने खुद को “आशीष पांडे” बताकर उससे दोस्ती की और प्रेम संबंध बनाकर करीब डेढ़ साल तक शारीरिक संबंध बनाए।
पीड़िता के अनुसार, इस दौरान आरोपी के दो अन्य साथियों ने भी उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। जब वह गर्भवती हुई तो आरोपियों ने उस पर गर्भपात का दबाव बनाया। मना करने पर युवक ने अपनी असली पहचान उजागर कर दी और कथित रूप से धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने लगा। पीड़िता का कहना है कि उसे लगातार धमकियां भी दी गईं।
मामले की शिकायत लगभग एक माह पहले महिला थाने में दर्ज कराई गई थी, लेकिन अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। इससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। पीड़िता न्याय के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है।
भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपियों की तलाश जारी है। मुख्य आरोपी आसिफ रज़ा, जो बिहार का निवासी बताया जा रहा है, फिलहाल फरार है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही उसे गिरफ्तार कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। यह मामला एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा और पुलिस की तत्परता पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

