कटनी, सुमित पाण्डेय। एनकेजे थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के कुछ घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य और डीएसपी रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में गठित पुलिस टीम ने आरोपी को पकड़कर घटना में प्रयुक्त कार भी जब्त कर ली।
पुलिस के अनुसार 2 जुलाई 2026 को देवरा खुर्द निवासी 65 वर्षीय बिहारी लाल सोनी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि विनोद तिवारी उर्फ गुलानी महाराज ने कोर्ट से नोटिस भेजने की बात को लेकर उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की थी। इस शिकायत पर एनकेजे थाना में अपराध क्रमांक 349/26 के तहत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद बिहारी लाल सोनी अपने पुत्र संजय और सतेन्द्र के साथ घर लौट रहे थे। इसी दौरान जुहली मोड़ नहर पुलिया के पास आरोपी विनोद तिवारी काले रंग की कार से पहुंचा और कथित रूप से उन्हें धमकी देते हुए कहा कि रिपोर्ट करने का अंजाम भुगतना पड़ेगा। इसके बाद आरोपी ने उनकी बाइक में पीछे से टक्कर मार दी, जिससे बिहारी लाल और उनका बेटा सड़क पर गिर गए। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने कार को कई बार आगे-पीछे कर बिहारी लाल सोनी को कुचलने का प्रयास किया और मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद पुलिस ने अपराध क्रमांक 350/26 के तहत हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी विनोद तिवारी उर्फ गुलानी महाराज (47), निवासी देवरा खुर्द को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही घटना में प्रयुक्त कार क्रमांक MP21ZJ7617 को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस मामले की विवेचना कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।




