सागर, जीशान खान। बुंदेलखंड क्षेत्र में आयुष चिकित्सा सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में सागर शहर में एक बड़ी पहल आकार ले रही है। तिली क्षेत्र में निर्माणाधीन आयुष अस्पताल एवं महाविद्यालय परिसर का कार्य तेजी से जारी है। इसी क्रम में विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने निर्माण स्थल का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को निर्देश दिए कि परियोजना का कार्य निर्धारित समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।


विधायक श्री जैन ने निर्माण कार्य की तकनीकी स्थिति, संसाधनों और कार्य गति की जानकारी लेते हुए कहा कि यह संस्थान आने वाले समय में सागर सहित पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र के लिए स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।


उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में आयुर्वेद, योग, यूनानी, सिद्ध और होम्योपैथी जैसी आयुष चिकित्सा पद्धतियों के प्रति लोगों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है। केंद्र और राज्य सरकार भी इन पारंपरिक चिकित्सा प्रणालियों को बढ़ावा दे रही हैं। ऐसे में आधुनिक सुविधाओं से युक्त आयुष अस्पताल और महाविद्यालय का निर्माण क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि साबित होगा।


विधायक ने कहा कि अस्पताल शुरू होने के बाद सागर और आसपास के जिलों के मरीजों को बेहतर एवं सुलभ उपचार स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेगा, जिससे बड़े शहरों पर निर्भरता कम होगी। वहीं चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में विद्यार्थियों को नए अवसर मिलेंगे और युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते भी खुलेंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने और सभी आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी, निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि और कर्मचारी उपस्थित रहे।