बीना, बृजपाल सिंह राजपूत । सागर जिले के मालथौन थाना क्षेत्र में एनएच-44 नेशनल हाईवे पर बुधवार तड़के एक चलते ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। हादसे के दौरान ट्रक चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई। आग लगने के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


जानकारी के अनुसार, आम से भरा मालवाहक ट्रक तिरुपति से दिल्ली जा रहा था। सुबह करीब 6 बजे मालथौन थाने से कुछ दूरी पर ट्रक के केबिन से अचानक धुआं निकलने लगा। चालक जब तक कुछ समझ पाता, तब तक ट्रक में आग की लपटें उठने लगीं। स्थिति बिगड़ती देख चालक ने तुरंत ट्रक को सड़क किनारे रोका और कूदकर बाहर निकल आया।


देखते ही देखते आग ने ट्रक के केबिन को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह जल चुका था।


प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। गनीमत रही कि चालक ने समय रहते वाहन रोक दिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के समय हाईवे पर यातायात कम होने के कारण अन्य वाहन चालकों और राहगीरों को नुकसान नहीं पहुंचा।


स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक आग की लपटें दूर से दिखाई दे रही थीं। वहीं घटनास्थल से महज एक किलोमीटर दूर स्थित टोल प्लाजा पर आग बुझाने के पर्याप्त संसाधन नहीं होने का भी मामला सामने आया। लोगों का आरोप है कि टोल कर्मी तमाशबीन बने रहे।


बाद में जेसीबी की मदद से ट्रक में भरे आमों की कैरेट बाहर निकाली गई, जिसके बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।