कटनी, सुमित पाण्डेय। जिले की पुलिस व्यवस्था को अधिक आधुनिक, पारदर्शी और जनहितैषी बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए कटनी के 14 पुलिस थानों को आईएसओ (ISO) प्रमाणपत्र प्रदान किया गया। जबलपुर रेंज के प्रमोद वर्मा ने आयोजित कार्यक्रम में चयनित थानों को प्रमाणपत्र सौंपे। इस पहल का उद्देश्य थानों में नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और पुलिस सेवाओं की गुणवत्ता को राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित करना है।


पिछले कई महीनों से इन थानों में व्यापक स्तर पर सुधार कार्य किए गए। थानों में साफ-सफाई, रंग-रोगन, आकर्षक साज-सज्जा, रिकॉर्ड प्रबंधन, फरियादियों के बैठने की बेहतर व्यवस्था तथा आधुनिक तकनीकी संसाधनों का विस्तार किया गया। साथ ही पुलिस कार्यप्रणाली को अधिक व्यवस्थित और जवाबदेह बनाने पर विशेष ध्यान दिया गया।


आईजी प्रमोद वर्मा ने बताया कि आईएसओ प्रमाणन प्रक्रिया में शिकायतों के त्वरित निराकरण, पारदर्शी जांच, पुलिसकर्मियों के व्यवहार, रिकॉर्ड संधारण, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं जैसे विभिन्न मानकों का मूल्यांकन किया जाता है। इन मानकों पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले थानों को ही प्रमाणन प्रदान किया गया है।


आईएसओ प्रमाणन प्राप्त करने वाले थानों में कोतवाली, कुठला, माधवनगर, एनकेजे, स्लीमनाबाद, बहोरीबंद, उमरियापान, ढीमरखेड़ा, बड़वारा, विजयराघवगढ़, बरही तथा यातायात थाना सहित कुल 14 थाने एवं कार्यालय शामिल हैं। जबकि रंगनाथ नगर, बाकल और कैमोर थाना इस सूची में शामिल नहीं हो सके। पुलिस विभाग का मानना है कि इस पहल से नागरिकों का पुलिस पर विश्वास और अधिक मजबूत होगा तथा भविष्य में अन्य थानों को भी इन मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा।