इंदौर,रविकांत मिश्रा। ग्रामीण क्षेत्र के खुड़ेल थाना अंतर्गत गढ़ी गांव स्थित एक फार्महाउस में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से एक पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
ग्रामीण डीएसपी उमाकांत चौधरी के मुताबिक, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अनुभूति फॉर्म एंड रिसोर्ट्स में कुछ बाहरी लोग ठहरे हुए हैं और उनके पास हथियार हो सकते हैं। सूचना पर टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जहां एक स्कॉर्पियो वाहन में दिल्ली निवासी सूरजभान शराब पीते हुए मिला।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से पिस्टल और दो कारतूस बरामद किए गए। पूछताछ में उसने बताया कि वह टैक्सी चालक है और सुरक्षा के लिहाज से हथियार अपने साथ रखता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 सहित आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
जांच में यह भी सामने आया कि जब्त स्कॉर्पियो वाहन का मालिक और चालक सूरजभान ही है, जो किराए पर गाड़ी चलाकर लोगों को अन्य राज्यों तक ले जाता था।
वहीं, पुलिस ने फार्महाउस संचालक के खिलाफ भी कार्रवाई की है, क्योंकि उसने बिना पुलिस सूचना और रजिस्टर में एंट्री किए बाहरी लोगों को ठहराया था। पुलिस ने होटल, रिसॉर्ट और फार्महाउस संचालकों को सख्त निर्देश देते हुए कहा है कि आईडी वेरिफिकेशन, सीसीटीवी और सूचना नियमों का पालन अनिवार्य रूप से करें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

