अमरपाटन, नरेन्द्र पटेल। रामपुर बाघेलान थाना क्षेत्र के ग्राम सेमरा में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां बंदर के हमले में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। जानकारी के अनुसार, महिला अपने घर की छत पर सूख रहे गेहूं को बंदर से बचाने के लिए गई थी। इसी दौरान वह अपने मासूम बच्चे को साथ लेकर बंदर को भगाने का प्रयास कर रही थी।


बताया जा रहा है कि बंदर अचानक आक्रामक हो गया और महिला को दौड़ाने लगा। घबराहट में महिला संतुलन खो बैठी और छत से नीचे गिर गई, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद परिजन तुरंत घायल महिला को सिविल अस्पताल अमरपाटन लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए जिला अस्पताल सतना रेफर कर दिया।


फिलहाल महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों ने प्रशासन से बंदरों के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है।