छतरपुर, सौरभ शुक्ला। छतरपुर जिले का नया पुलिस कप्तान 2016 बैच के आईपीएस अधिकारी रजत सकलेचा को नियुक्त किया गया है। आज की इस खास रिपोर्ट में हम जानेंगे श्री सकलेचा कौन हैं और किस कार्यशैली के लिए वे मशहूर हैं।
मध्यप्रदेश के रतलाम में जन्मे और पले-बढ़े रजत सकलेचा ने अपने दादा बापूलाल सकलेचा का सपना पूरा करते हुए आईपीएस अधिकारी बनकर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है। रजत सकलेचा की सफलता की कहानी संघर्ष और दृढ़ संकल्प का बेहतरीन उदाहरण है। केंद्रीय विद्यालय रतलाम से पढ़ाई करते हुए उन्होंने प्रशासनिक सेवा में जाने का लक्ष्य तय किया। 12वीं में 80% से अधिक अंक प्राप्त करने के बाद उन्होंने सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की और दिल्ली में रहकर UPSC की तैयारी शुरू की। पहले प्रयास में ही मेंस तक पहुंचे, दूसरे प्रयास में CISF में चयन हुआ, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और तीसरे प्रयास में 2016 में IPS बनकर अपने सपने को साकार किया।
हैदराबाद में प्रशिक्षण के बाद उन्होंने मध्यप्रदेश कैडर चुना और उज्जैन जिले के बड़नगर थाना में प्रशिक्षु थाना प्रभारी के रूप में अपनी सेवाएं शुरू कीं। इसके बाद ग्वालियर में CSP रहते हुए एक बड़े बलवे को नियंत्रित करने में अहम भूमिका निभाई। फरवरी 2020 से भोपाल के जोन-1 में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के रूप में उन्होंने उत्कृष्ट कार्य किया। कोरोना काल के दौरान उन्होंने पुलिस कर्मियों के लिए भोजन, आवास और स्वास्थ्य की बेहतर व्यवस्था कर मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया। उनकी कार्यशैली, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता के कारण वे हमेशा चर्चा में रहे हैं।
अब छतरपुर के SP के रूप में उनकी नियुक्ति जिले के लिए नई ऊर्जा और मजबूत कानून व्यवस्था की उम्मीद लेकर आई है। जनता को उनसे न्यायप्रिय, सख्त और संवेदनशील प्रशासन की आशा है। रजत सकलेचा की यह उपलब्धि युवाओं के लिए प्रेरणा है कि मेहनत और लगन से कोई भी सपना पूरा किया जा सकता है। सूत्रों से जानकारी मिली है कि वे आने वाले मंगलवार को छतरपुर पहुंचकर जिले की कमान संभाल सकते हैं।


